संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जाइका परियोजना के तहत छह उप परियोजनाओं में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को नुक्कड़ नाटक से परियोजना के उद्देश्यों, लाभ और फसल विविधीकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. देवेंद्र सांख्यान ने बताया कि खंड परियोजना प्रबंधन इकाई (केपीएमयू) बिलासपुर ने 20 से 22 जनवरी तक भक्तपुर, बैरन जजेडी, सुसनाल, भपराल, तरोनतरा और छकोह में कार्यक्रम आयोजित किए। यह पहल न केवल किसानों की आय में वृद्धि करने में मदद करेगी, बल्कि उन्हें आधुनिक और व्यावसायिक खेती की दिशा में भी प्रेरित करेगी। अभियान के दौरान महासंगम थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों से किसानों को परियोजना के उद्देश्यों और उनके गांव में लागू की जाने वाली उठाऊ सिंचाई योजना की जानकारी दी। इस योजना से किसानों को सिंचाई की सुविधाओं में सुधार होगा। इन आयोजनों में खंड परियोजना प्रबंधन इकाई बिलासपुर के अधिकारी विक्रम सिंह, पूजा शर्मा, कौशिक ठाकुर और मोहित नायक ने सक्रिय भूमिका निभाई।