चार बड़ी कुश्तियों के होंगे मुकाबले, विजेता को मिलेगा तीन लाख का इनाम
तालिब बाबा फ्लाई, अभिनायक, कलुआ गुज्जर दिखाएंगे दम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में धार टटोह में मंगलवार को दंगल होगा। इस दौरान देश-विदेश के नामी पहलवान आज अखाड़े में अपना दमखम दिखाएंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर पहले ही दंगल कमेटी धार टटोह की विशेष बैठक हो चुकी है, जिसकी अध्यक्षता कमेटी के प्रधान अमरनाथ ठाकुर ने की थी। बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि इस बार का दंगल पहले से कहीं अधिक भव्य होगा और लगभग 20 लाख रुपये आयोजन में खर्च किए जाएंगे। दंगल में इस बार चार बड़ी कुश्तियां करवाई जाएंगी, जिनमें प्रत्येक की इनामी राशि ढाई लाख रुपये निर्धारित की गई है। मुख्य मुकाबले में विजेता को तीन लाख रुपये व उपविजेता को दो लाख 41 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। दंगल कमेटी के प्रवक्ता सुभाष ठाकुर ने बताया कि इस बार दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के नाम प्रमुख हैं। इनमें प्रवीण कोहली, दिनेश गुलिया, कलवा गुज्जर, छोटा सद्दाम, तालिब बाबा फ्लाई, अभिनायक, लक्की गरचा, रजाक, हुसैन ईरानी, रमन मिर्ज़ापुर, रोहित मिर्ज़ापुर, सचिन हरियाणा, घोड़ा बाबा फ्लाई शामिल हैं। कमेटी ने बताया कि सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है।