साई खेल सेंटर कोल डैम में प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ करती साई की कार्यकारी निदेशक मंजु श्री। ड
-खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, खेल बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) आरसी जीरकपुर की कार्यकारी निदेशक मंजूश्री दयानंद ने कोल डैम स्थित साई एनटीपीसी जल क्रीड़ा केंद्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बोट हाउस का उद्घाटन किया।
नवनिर्मित बोट हाउस में रोइंग, क्याकिंग और कैनोइंग जैसे जल क्रीड़ा खेलों की नावों सहित अन्य आयातित खेल उपकरणों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा उपलब्ध होगी। इस संरचना का निर्माण जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने और एथलीटों को उच्च स्तरीय संसाधन मुहैया कराने के उद्देश्य से किया गया है। मंजूश्री दयानंद ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण देश में खेलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने एथलीटों को आश्वासन दिया कि उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र में आवश्यक उपकरण और अतिरिक्त सुविधाएं चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जल क्रीड़ा केंद्र कोल डैम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
साई एनटीपीसी एक्सटेंशन वाटर स्पोर्ट्स सेंटर बरमाणा के केंद्र प्रभारी अंग्रेज सिंह ने इस महत्वपूर्ण संरचना के लिए कार्यकारी निदेशक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बोट हाउस प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा और खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा। इस दौरान अधिकारियों और खिलाड़ियों ने जल क्रीड़ा केंद्र के भविष्य और विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यकारी निदेशक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल क्रीड़ा की अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर एनसीओई हमीरपुर के उप निदेशक मनोज कुमार अवती, आरसी जीरकपुर की उप निदेशक डॉ. संगीता शेरोन, कृषि विभाग के सेवानिवृत्त उप निदेशक प्रकाश चंद ठाकुर और साई एसटीसी बिलासपुर के प्रभारी विजय प्रकाश नेगी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।