बिलासपुर। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ बिलासपुर जिला इकाई ने सरकारी कर्मियों के अर्जित अवकाश को सेवानिवृत्ति तक जोड़े जाने की मांग की है। संघ ने कहा कि कर्मचारियों की सेवा नियमावली में पंजाब पैटर्न को फॉलो किया जाता है। इसलिए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा पारित फैसले को हिमाचल में तुरंत अमलीजामा पहनाए जाने की मांग की है।
संगठन के जिला अध्यक्ष यशवीर रणौत ने बताया कि हिमाचल के कर्मियों पर वित्त और सेवा संबंधी नियमों पर पंजाब पैटर्न लागू होता है। कहा कि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने कर्मचारियों के अर्जित अवकाश को सेवानिवृत्ति तक जोड़े जाने के आदेश पारित किए हैं जिन्हें पंजाब में लागू कर दिया गया है। इन आदेशों की अनुपालना हिमाचल प्रदेश में नहीं हुई है जिस पर प्रदेश सरकार को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।
अध्यापक संगठन के जिला अध्यक्ष यशवीर रणौत ने कहा कि शिक्षक और गैर शिक्षक लंबे अरसे से यह मांग कर रहे हैं कि तीन सौ दिनों के बाद के अवकाश को अदायगी से अलग रखकर उसे कर्मचारियों के खाते में जोड़ना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर वे इसका उपयोग कर सकें। अब क्योंकि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का फैसला भी आ चुका है और पंजाब सरकार इसे लागू कर चुकी है इसलिए हिमाचल सरकार को भी ये फैसला तुरंत लागू करना चाहिए।
.