बिलासपुर। मिशन रोजगार हिमाचल के तहत बिलासपुर में 14वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ जॉब प्लेसमेंट एजेंसियों ने भाग लिया। रोजगार मेले का आयोजन नगर परिषद बिलासपुर के सभागार में किया गया। इसमें करीब 80 युवाओं ने भाग लिया। 50 युवाओं का चयन किया गया। चयनित युवाओं की साेलन जिले के बद्दी में दूसरी काउंसलिंग होगी।
लघु उद्योग संघ के राज्य अध्यक्ष अशोक राणा और मिशन रोजगार बिलासपुर इकाई के प्रभारी कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि रोजगार मेला सुबह 10 से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया गया। इसमें बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई, 12वीं, दसवीं पास, बी फार्मा से संबंधित कोर्स वाले युवाओं भाग लिया। मेले का शुभारंभ बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर परिषद बिलासपुर के अध्यक्ष कमल गौतम ने शिरकत की। अध्यक्षता लघु उद्योग संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह ठाकुर ने की।
मिशन रोजगार के प्रांत संयोजक डॉ. रणेश राणा ने कहा कि बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ के उद्योगों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इस रोजगार मेले में शिक्षित, अल्प शिक्षित और डिप्लोमा होल्डर, आईटीआई शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवाओं को साक्षात्कार लेकर योग्यतानुसार रोजगार दिलाया गया। इस मेले में विभिन्न कंपनियां ने भाग लिया, जिनमें ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, कॉस्मेटिक, सिक्योरिटी, टेलीकॉलिंग और फूड की कंपनियां शामिल रहीं। इस दौरान युवाओं की निशुल्क कॅरिअर काउंसलिंग की गई। इस मौके पर लघु उद्योग संघ के महासचिव अनिल मलिक, हिमालया एनजीओ की उपाध्यक्ष डिंपल परमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन ठाकुर, सुनील शर्मा, सपना धीमान, उमा धीमान, सुषमा ठाकुर, मनजीत, गोपाल दत्त शर्मा, राजेश शर्मा, जय किशन शर्मा, दलजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।