बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता संघ जिला बिलासपुर ने रोगी कल्याण समिति के अंतर्गत लगाई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बराबर वेतन न दिए जाने पर रोष व्यक्त किया है। संघ के जिला प्रधान सुरेश चंदेल ने कहा कि तीनों खंडों में सितंबर 2012 में रोगी कल्याण समिति के अंतर्गत लगाई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है।
खंड घुमारवीं, झंडूता में इन कर्मचारियों को 8710 रुपये और मारकंड में 8482 रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है। मारकंड में 228 रुपये महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को नवंबर 2014 से सरकार ने प्रतिवर्ष तीन प्रतिशत वेतन में बढ़ोतरी करने की अधिसूचना जारी की थी।
आज दिन तक इन कर्मचारियों को इसका कोई लाभ नहीं दिया गया और न ही एरियर बनाया गया। 12 फरवरी 2015 में महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का डॉट्स का एक दिन और 13 मार्च 2015 को भी टीकाकरण का एक दिन का विभागीय प्रशिक्षण हुआ था। लेकिन उस प्रशिक्षण का आज दिन तक कर्मचारियों को कोई पैसा नहीं मिला है।
संघ के महासचिव संजीव शर्मा, मुख्य सलाहकार कुलदीप जम्वाल, वरिष्ठ उपप्रधान मधुबाला ने सीएमओ से मांग की है कि रोगी कल्याण समिति के अंतर्गत लगाई गई इन महिला कर्मचारियों को जिला बिलासपुर के तीनों खंडों में सरकार की अधिसूचना के अनुसार बराबर वेतन दिया जाए।
सरकार के आदेशों के अनुसार इन महिला कर्मचारियों को नवंबर 2014 से तीन प्रतिशत वार्षिक वेतन बढ़ोतरी की जाए।