Electricity black out for 24 hours in Sunhani and Nihan panchayats of Barthhin
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता की ग्राम पंचायत सुन्हाणी व ग्राम पंचायत निहान में 24 घंटे बिजली गुल रही। लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर रहे। वीरवार को दिन में निहाण बरड़, बलड़ा व अन्य गांवों में बिजली न होने से लोग परेशान रहे। वहीं रात भी अंधेरे में गुजारनी पड़ी। लोगों का कहना है कि हालात यह है कि बिजली गुल होने के बाद इसे बहाल नहीं किया जाता। वहीं दिन में 10 बार बिजली की आंखमिचौली चली रहती है।
बताते चलें कि उपमंडल के अंतर्गत लोगों को हर दिन इसी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। सीएल खजुरिया वार्ड सदस्य ग्राम पंचायत निहान, सतीश कुमार, चंद्रप्रकाश, जगदीश चंद्र, रितेश कुमार, मनोहर लाल, विशाल, राम सिंह, रोशन लाल व अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उपभोक्ता यदि समय पर बिजली बिल का भुगतान कर रहा है तो उसे सुचारू सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक से आग्रह किया कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर संज्ञान लें। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता बरठीं रणजीत सिंह से इस बारे बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण आपातकालीन सेवाएं बंद है। इस कारण रात को बिजली का फाल्ट ढूंढने में दिक्कत आई है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।