बिलासपुर। बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर परिवहन सहकारी सभा बरमाणा (बीडीटीएस) के 25 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि थी। सभा के 21 वार्डों में नामांकन भरने वाले 90 उम्मीदवारों में से 50 ने नाम वापस ले लिए। एक निर्विरोध चुना गया, वहीं अभी 39 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सभा के पूर्व अध्यक्ष स्व. रामदास ठाकुर के समर्थक गुट ने जीत से खाता खोला है। 21 सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के चुनाव में वार्ड19 भराड़ी से इस गुट के राकेश ठाकुर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। वहीं, वार्ड 9 मेन मार्केट से एक अन्य उम्मीदवार ने इस गुट के प्रत्याशी विनय कुमार वर्मा को समर्थन देने का ऐलान किया है। 25 मार्च को होने वाले चुनाव में सभा के मतदाता 20 वार्डों से सदस्यों का चयन करेंगे। बुधवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। इस गुट की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार जीतराम गौतम ने बताया कि वार्ड 19 भराड़ी से राकेश ठाकुर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। बीडीटीएस और ट्रक ऑपरेटरों के हितों के लिहाज से यह एक बेहतर शुरुआत है। सभा की मजबूती को लेकर दिखाई गई इस एकजुटता के लिए भराड़ी वार्ड के ट्रक ऑपरेटर बधाई के पात्र हैं। वहीं, वार्ड 9 मेन मार्केट से नामांकन भरने वाले इब्राहिम ने इसी वार्ड से स्व. रामदास ठाकुर गुट के विनय कुमार वर्मा को समर्थन देने का ऐलान किया है, जो स्वागत योग्य है। वार्ड 6 नम्होल में थोड़ा संशोधन किया गया है। इस वार्ड से अब रतनलाल इस गुट के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 25 मार्च को प्रस्तावित चुनाव में स्व. रामदास ठाकुर समर्थक गुट के प्रत्याशी स्पष्ट बहुमत हासिल करेंगे। वहीं सहकारी सभा में इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि बुधवार को 21 वार्ड के 90 उम्मीदवारों में से 50 ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। कहा कि एक उम्मीदवार को निर्विरोध चुना गया है।
इनसेट
किस वार्ड से इतने प्रत्याशी
वार्ड नंबर एक नयनादेवी जी से दो, वार्ड नंबर दो तन्बौल से दो, वार्ड नंबर तीन छड़ोल से दो, चार नंबर कोठीपुरा से दो, जबली पांच नंबर से दो, छह नंबर नम्होल से दो, सात नंबर धार टटोह से तीन, जुखाला आठ नंबर से दो, नौ नंबर मेन मार्केट बिलासपुर से तीन, 10 नंबर वार्ड निहाल से तीन, 11 नंबर बिनौला से तीन, 12 नंबर बैरी रजादियां से तीन, 13 नंबर पंजगाईं से पांच, 14 नंबर हरनोड़ा से दो, 15 नंबर बरमाणा से दो, 16 नंबर भगेड़ से दो, 17 नंबर घुमारवीं से तीन, 18 नंबर कुठेड़ा से दो, 20 नंबर बरठीं से दो, 21 नंबर तलाई से दो उम्मीदवार आमने सामने हैं।