घुमारवीं (बिलासपुर)। प्रदेश में शीघ्र ही पंचायत चुनावों का बिगुल बज सकता है। इसके लिए हर कोई गांव-गांव में घूम कर अपनी दावेदारी पेश कर रहा है। इन दावेदारों के पास गांव को और सुदृढ़ करने के लिए न कोई योजना है और न ही किसी प्रकार का मुद्दा, फिर भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमाकर मालामाल होने और पांच साल के लिए रोजगार का सुख भुगतान के लिए चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।
हर पंचायत और गांव में कुछ ऐसे सेवानिवृत्त व्यक्ति भी लोगों की सेवाओं के लिए आगे आने की बात कर रहे हैं। युवा उम्मीदवारों का तर्क है कि ये लोग सरकारी नौकरी करने के बाद युवाओं को मौका दें। इससे बेरोजगार युवा कम से कम पांच साल तक पंचायत प्रतिनिधि होने के साथ रोजगार हासिल कर सकें। हर पंचायत के हर गांव में कुछ ऐसे ही युवा लोग हैं जो अपने रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। वे इस बार अपनी किस्मत अजमाने के लिए चुनावों में उतर रहे हैं। वहीं, काफी समय से लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि इस बार उन्हें मौका जरूर दिया जाए। समाजसेवी ज्ञान चंद ठाकुर ने कहा कि बेशक युवा पंचायत चुनावों में अपनी किस्मत अजमा लें। गांव की सुदृढ़ दिशा के लिए उनके पास ठोस योजना होनी चाहिए, जिससे चुनाव जितने के बाद लोग अपने आप को ठगा महसूस न कर सके। पिछले चुनावों में भी देखा गया है कि ऐसे पंचायत प्रतिनिधि जीत गए हैं जो बाद में नशे की सौदागरी करते हुए पकड़े गए हैं ऐसा नहीं होना चाहिए।