संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्रामीण बच्चों को स्कूल के बाद निशुल्क शिक्षा देने वाली पहल एक से श्रेष्ठ के पांच वर्ष पूरे होने पर एक सितंबर को बिलासपुर के द आर्ट एंड कल्चर ऑडिटोरियम में समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्यातिथि होंगे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर अध्यक्षता करेंगे।
एक से श्रेष्ठ अभियान की शुरुआत पांच अक्तूबर 2021 को सात से 12 वर्ष की आयु के ग्रामीण बच्चों को स्कूल के बाद निशुल्क शिक्षा देने के उद्देश्य से की गई थी। अभियान की शुरुआत 120 केंद्रों से हुई थी, जो अब बढ़कर 650 शिक्षा केंद्रों तक पहुंच गया है।
इन केंद्रों में बच्चों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सामान्य ज्ञान, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास की जानकारी दी जाती है। बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, स्टेशनरी और अन्य अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों को लैपटॉप भी दिए गए हैं।