अमर उजाला इम्पैक्ट
-व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे थे सिलिंडर
-सिलिंडरों को एजेंसी से भरने का प्रमाण पत्र भी नहीं दे सके कारोबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। खाद्य आपूर्ति विभाग ने नगर परिषद घुमारवीं के तहत पूरे शहर में बुधवार को घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की। इसके तहत शहर के छह कारोबारियों से आठ घरेलू सिलिंडर भी जब्त किए गए। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद विभाग ने इस पर संज्ञान लिया।
घुमारवीं शहर में रेहड़ी फड़ी, ढाबे व होटल चलाने वाले लगातार घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे थे। सके बाद अमर उजाला द्वारा इस मुद्दे को बुधवार के अंक में प्रमुखता से उठाया था। खबर छपने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए कार्रवाई शुरू की। जिसके तहत बुधवार को ही घरेलू गैस सिलिंडरों का दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति अधिकारी पंकज शर्मा, खाद्य निरीक्षक विनोद कपिल, अमित कुमार की टीम घरेलू रसोई गैस सिलिंडर का दुरुपयोग रोकने के लिए एक्शन मोड में नजर आई। इस कार्रवाई के तहत अधिकारियों ने बस अड्डा के आसपास, गांधी चौक, तहसील रोड, बस स्टैंड रोड सहित कई अन्य स्थानों पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले कई होटल, ढाबों, रेहडी और फड़ी वालों के खिलाफ कार्रर्वा की। खबर लगते ही शहर के सभी दुकानदारों में हलचल मच गई। इसके बाद कई होटल ढाबा व रेहड़ी-फड़ी वालों ने घरेलू गैस सिलिंडर छिपाने का भी प्रयास किया। जबकि कई कारोबारी व्यावसायिक सिलिंडरों को एजेंसी से भरे जाने का प्रमाण पत्र तक नहीं दिखा पाए। कई प्रतिष्ठानों में भरे हुए घरेलू सिलिंडर रखे मिले। जिन्हें विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग, बेचने पर चेतावनी भी दी। साथ ही भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत भी दी।
कोट
बुधवार को विभाग ने घुमारवीं में घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई है। जिसके तहत कुछ दुकानदारों से आठ सिलिंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई पूरे जिले में लगातार जारी रहेगी। इसमें किसी भी प्रकार से सम्मिलित पाए जाने वाले दुकानदारों को बक्शा नहीं जाएगा।
पंकज शर्मा ,खाद्य आपूर्ति अधिकारी, बिलासपुर
अमर उजाला में प्रकाशित खबर । फाइल फोटो