जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, खेल और आधारभूत ढांचे के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने के साथ युवाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
राजेश धर्माणी रविवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में जिले के 47 विद्यालयों के करीब 521 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों का चहुंमुखी विकास होता है।
धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है। शिक्षा विभाग के अनुसार वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में 21वें स्थान पर था, जबकि वर्ष 2024 के एनएएस में विभिन्न कक्षाओं में प्रदेश ने तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।
धर्माणी ने कहा कि मोर सिंघी में बालिकाओं के लिए हैंडबॉल हॉस्टल अधिसूचित कर दिया गया है और इसके संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति भी की गई है। घुमारवीं में 100 सीटों की क्षमता वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें पांच से छह प्रमुख खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं में न्यायालय के समीप करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल सहित इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए करीब 15 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। बद्दाघाट में साढ़े तीन करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से फुल साइज फुटबॉल मैदान का निर्माण शुरू हो गया है। करलोटी और भराड़ी में भी उपलब्ध भूमि के अनुसार करीब तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से दो नए स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश डोगरा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दयाराम, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, उप निदेशक गुणवत्ता शिक्षा निशा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद रहे।