-मोटर वाहन अधिनियम में किए संशोधन को वापस लेने की मांग
-चालक बोले, चलते हुए रोजगार के लिए अभिशाप बनेगा नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिट एंड रन मोटर वाहन अधिनियम में किए संशोधन को लेकर बिलासपुर में ट्रक चालकों ने शांतिपूर्ण ढंग से रोष प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में चालक फोरलेन पर मंडी भराड़ी पुल के पास इकट्ठा हुए और सरकार से इस अधिनियम में किए संशोधन को वापस लेने की मांग की।
चालकों ने कहा कि यह कानून हमारे चलते हुए रोजगार के लिए एक अभिशाप का रूप लेगा, क्योंकि ट्रक चालक हमेशा अपनी गाड़ी को बहुत ही कठिनाई द्वारा भीड़ वाले इलाकों से निकलता है। इसका मुख्य कारण गाड़ियों में परिचालक का न होना और वाहन चालकों के लिए गाड़ी चलाने की कोई समय सीमा का न होना है। यह कारण ड्राइवर को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। उन्होंने कहा कि क्योंकि चंद पैसों के लिए यह ड्राइवरी का पैसा करते हैं, लेकिन आज के दौर में इतनी महंगाई होने के बावजूद हम अपने परिवार का ढंग से पालन पोषण नहीं कर पा रहे हैं। अगर जाने अंजाने में कोई हमारी गाड़ी से टकरा जाए तो हम उसको बचाने के लिए वहां रुकने के लिए तैयार है, लेकिन वहां पर जो भीड़ इकट्ठा होती है वह हमें मार-मार के मौत के घाट उतार देती है और हमारी गाड़ियों को भी जला देती है। इस कारण से हमें वहां से भागना पड़ता है। यह काम कर हम अपने परिवार का ढंग से पालन पोषण नहीं कर पा रहे हैं तो इतना बड़ा जुर्माना और यह 10 साल की जेल गलत निर्णय है। चालकों ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस तरह के कानून को लाकर उनके साथ गलत न करें। इस कानून में दोबारा से सोच विचार कर इसमें बदलाव किया जाए। इस रोष प्रदर्शन में तीनों सीमेंट प्लांट के चालकों सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।