पंचायत में सड़क नवीनीकरण का चल रहा काम
गांवों के लिए नहीं बनाई अस्थायी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के गाहर पंचायत के पांच गांव दस दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों को पानी के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गाहर पंचायत के तहत भटेड से बाह सड़क नवीनीकरण काम चल रहा है। इसके चलते क्षेत्र में पानी के पाइप क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण भटेड, मुहाणा, गाहर, स्वारा, पदयाण आदि गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। ग्रामीण हैंडपंप से पानी भरकर ला रहे हैं। आजकल शादियां और धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। कई घरों में धाम का आयोजन हो रहा है। ऐसे में पानी की किल्लत ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। मजबूरी में पैसे खर्च कर पानी के टैंकर लाकर आयोजन किए जा रहे हैं। करीब दस दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन नलकों में पानी की बूंद नहीं टपक रही है।
ग्रामीणों ने बताया की सड़क नवीनीकरण के चलते पाइप टूट गए हैं। आम जनता की सहूलियत के लिए विभाग को जरूरी कदम समय पर उठाने चाहिए थे। ग्रामीणों के अनुसार घरों में पशुओं को पीने के लिए टैंकों में स्टोर पानी भी खत्म हो चुका है। अब ऐसे में पीने के लिए तो हैंडपंपों से पानी ढोया जा रहा है, लेकिन पशुओं को पानी ढो पाना मुश्किल है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से आग्रह किया है कि जल्द पानी की व्यवस्था को सुचारू किया जाए।
अधिशासी अभियंता राकेश वैद्य ने कहा कि सड़क का काम चला होने के कारण पाइप क्षतिग्रस्त हुए हैं। पाइप का मरम्मत कार्य व नई पाइप डालने का काम किया जा रहा है। जल्द ही पानी की आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।