पन्याली गांव में तीन माह से टूटी पेयजल पाइप, लोग परेशान
जल शक्ति विभाग के एसडीओ बोले, अब लगा मामले का पता
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत पडयालग पंचायत के पन्याली गांव के समीप जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइप पिछले तीन माह से टूटी हुई है। इस कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है । पानी का बहाव इतना ज्यादा है कि लोगों के उपजाऊ खेत भी बर्बाद हो रहे हैं। जबकि सड़क पर कीचड़ फैला रहता है। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किलों भरा हो गया है। सड़क पर वाहन फिसल रहे हैं। लेकिन विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
क्षेत्र निवासी सुनील कुमार, रोशनी देवी, सुरेश पन्याली, सुदेश कुमारी, केहर सिंह, अमीचंद ने बताया कि पन्याली गांव के समीप जल शक्ति विभाग की मुख्य लाइन टूटी हुई है। इस कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क से पैदल गुजरने वाले लोग कीचड़ के बीच से होकर जाने को मजबूर हैं। स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों को जाने वाले बच्चों की रोजाना वर्दियां भी कीचड़ से गंदी हो रही हैं। गाड़ी ले जाना भी यहां खतरे से खाली नहीं है। गाड़ियां कीचड़ में धस रही हैं। लोगों के मुताबिक कई बार विभागीय अधिकारियों को इस संदर्भ में अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही इस पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो सड़क बुरी तरह बर्बाद हो जाएगी, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो सकती है। इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग के एसडीओ यशपाल ने कहा कि मामले की जानकारी अभी लगी है। जल्द ही पाइप की मरम्मत कर दी जाएगी।