बिलासपुर। जिले में बारिश न होने से फसलों को हुए नुकसान की कृषि और बागबानी विभाग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को रिपोर्ट देंगे। उपायुक्त ने गर्मियों में पानी की कमी और सूखा प्रबंधन के लिए संबंधित विभाग को शीघ्र आकस्मिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े। उपायुक्त रोहित जम्वाल ने पानी की कमी और सूखा प्रबंधन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
जिले में पानी की कमी वाले क्षेत्रों को जल्द चयनित करने के जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए। कहा कि पुराने हैंडपंपों और पारंपरिक जलस्रोतों की सफाई सुनिश्चित करें। लोगों को सफाई रखने और पानी की महत्ता के बारे में जागरूक करें। पारंपरिक पेयजल स्रोतों के बाहर बोर्ड लगाना सुनिश्चित करें। इन पर अंकित करें कि यह पानी पीने योग्य है, इसे गंदा न करें। उन्होंने कृषि और बागवानी विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे किसानों की सूची उपलब्ध करवाएं जिन्होंने फसल का बीमा करवाया है। जिले में बारिश न होने के कारण फसलों को कितना नुकसान हुआ है, इसका पूरा ब्योरा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को देना सुनिश्चित करें।
उन्होंने पशु पालन विभाग से कहा कि जिला में पशुओं को चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाएं। खाद्य आपूर्ति विभाग को पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री का प्रबंध करने और वन विभाग को जिले में संभावित आग वालों क्षेत्रों की सूची तैयार करने और आवश्यक मैन पावर का प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आकस्मिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग को आग बुझाने वाले उपकरण, होमगार्ड को स्वयंसेवियों का डाटा और उपकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कोरोना के बढ़ते मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोविड-19 के टेस्टिंग को बढ़ावा दें। ताकि समय पर संक्रमित व्यक्ति का पता लगाया जा सके। पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में जिन-जिन स्थानों पर डेंगू के फैलने की अधिक संभावनाएं रहती हैं उन स्थानों पर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने डेंगू की रोकथाम के लिए फोगिंग करने के भी निर्देश दिए।