ग्राम पंचायत डमली गांव मरोईया में बंद पड़ी नालियां। संवाद
ऋषिकेश (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत डमली के गांव मरोईया में निकासी नालियों के बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे बनी नालियां कचरे और मिट्टी से भर चुकी हैं, जिससे पानी की निकासी ठप हो गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार बारिश होते ही स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। इस मार्ग से स्कूल, पीएनबी बैंक, एसवीएम स्कूल, वेटनरी अस्पताल और सीएचसी अस्पताल जैसे प्रमुख संस्थान जुड़े हैं, जहां लोगों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
हरचरण सिंह, बेला सिंह, जय कुमार, विनोद कुमार, कर्म दिन, कुलदीप चंदेल, अच्छरी देवी, कुलदीप कुमार, जगतार, सुरजन सिंह, जगन्नाथ और श्याम लाल का कहना है कि कुछ घंटे की बारिश के बाद ही पूरी सड़क तालाब का रूप ले लेती है। गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नितेश ने कहा कि नालियों की सफाई का कार्य जल्द करवाया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।