ग्राम पंचायत दयोथ में होगा प्रतियोगिता का आयोजन
- जिले के लगभग 12 सांस्कृतिक दल लेंगे भाग
-इस स्पर्धा में बिलासपुर के ही लोक नृत्य होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भाषा एवं संस्कृति विभाग भाषा, कला एवं संस्कृति के संवर्धन संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। इसी के लिए विभाग वर्ष भर अनेक साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है। इस साल 22 नवंबर को ग्राम पंचायत दयोथ में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
जिला भाषा अधिकारी बिलासपुर रेवती सैनी ने बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर प्रतिवर्ष जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन कराता है। इस वर्ष 22 नवंबर को सुबह 11:00 बजे, ग्राम पंचायत दयोथ के प्रांगण में जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिले के लगभग 12 सांस्कृतिक दल भाग लेंगे। प्रतियोगिता में विजेता सांस्कृतिक दलों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में अतिरिक्त उपायुक्त, बिलासपुर डॉ. निधि पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सांस्कृतिक दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाता है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता निदेशालय द्वारा आयोजित करवाई जाती है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी सांस्कृतिक दलों को विभागीय नियमानुसार दैनिक भत्ता, यात्रा भत्ता, प्रस्तुति भत्ता प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अच्छी प्रस्तुति देने वाले सांस्कृतिक दलों को प्रदेश भर में होने वाले मेलों, उत्सवों में मंच प्रदान किया जाएगा। बताया कि प्रतियोगिता में बिलासपुर के ही लोक नृत्य शामिल किए जा सकते हैं। बाहर के लोक नृत्य शामिल नहीं किए जाएंगे।