- मजबूत लोकतंत्र के लिए बनाएं वोटर कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। प्रदेश में नए मतदाताओं का नामांकन बढ़ाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी और शिक्षा निदेशक के निर्देशानुसार घुमारवीं महाविद्यालय में विशेष अभियान शुरू किया गया। इसमें विद्यार्थियों को वोटर कार्ड बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन इन इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश शर्मा ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की ताकत होती है, इसलिए सभी को वोट का प्रयोग करने के लिए अपना वोटर कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के इस अभियान को हम घर और गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। इस दौरान प्रो. सीता राम ने विद्यार्थियों को मतपत्र बनवाने की प्रक्रिया और मताधिकार के महत्व के बारे में जागरूक किया। कहा कि मतदान और चुनाव से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए गए इस अभियान को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 90 विद्यार्थियों ने भाग लिया।