बिलासपुर में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी के जनरल हाउस में मौजूउ कार्यकर्ता। स्रोत: कांग्रेस
बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर हुई चर्चा
वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर का जनरल हाउस रविवार को इंदिरा भवन कांग्रेस कार्यालय बिलासपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। जनरल हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष परस राम और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं जिला प्रभारी रमेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर ने भी बैठक में शिरकत की।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्यों, विभिन्न अग्रणी संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान संगठन की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी समय में किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती से उठाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनरल हाउस में बूथ एवं वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने बैठक में पहुंचे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक के अंत में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।