पंजगाईं स्कूल के मामले को लेकर एसी टू डीसी को ज्ञापन सौंपते पंचायत प्रतिनिधि और अभिभावक। स्रोत:
सीबीएसई पैटर्न लागू करने में असमंजस पर जताया रोष
चुनाव की निष्पक्ष जांच और दोबारा एसएमसी गठन की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाईं में स्कूल प्रबंधन समिति के गठन और विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न लागू करने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों ने एसी टू डीसी से उपायुक्त को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पंजगाईं की प्रधान सुशीला शर्मा, उपप्रधान सुनील गौतम, धौन कोठी पंचायत प्रधान सपना ठाकुर, उपप्रधान छोटा राम, पंजगाईं के पूर्व प्रधान सुशील कुमार और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन आगे बढ़ाने को मजबूर होंगे। ज्ञापन में अभिभावकों ने कहा कि 30 जून को विद्यालय में एसएमसी का चुनाव नए दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते हुए कराया गया। उनका कहना है कि सरकार के निर्देशानुसार एसएमसी के गठन में 75 प्रतिशत अभिभावकों और 25 प्रतिशत हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए थी लेकिन चुनाव के दौरान अधिकांश अभिभावकों को न तो उचित सूचना दी गई और न ही उन्हें प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला। अभिभावकों का दावा है कि करीब 290 अभिभावकों वाले विद्यालय में केवल 25 से 30 अभिभावकों की मौजूदगी में चुनाव करवाया गया, जो निर्धारित कोरम से काफी कम था।
इस मामले की शिकायत पहले उपनिदेशक (उच्चतर शिक्षा) बिलासपुर से की गई थी। विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अभिभावकों का कहना है कि अधिकारियों ने जिम्मेदारी से बचते हुए स्पष्ट जवाब देने के बजाय मामले को टालने का प्रयास किया, जिससे लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष है। विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न लागू करने को लेकर भी अभिभावकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभाग द्वारा शिक्षकों को प्रशिक्षण देने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी किए जाने के बावजूद विद्यालय में अभी तक सीबीएसई प्रणाली प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी है। इससे विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।