बरमाणा में मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद मजदूर व अन्य। आयोजक
बरमाणा में हुए कार्यक्रम में शोषण के खिलाफ ठोस कदम उठाने का लिया संकल्प
-ठेकेदारी प्रथा को समाप्त कर सीधा रोजगार देने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों की अगुवाई में बरमाणा में एक विचार-विमर्श कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों, मजदूर नेताओं और स्थानीय व्यापारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की रोजमर्रा की समस्याओं पर चर्चा करना और उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाना था। इसमें मजदूरों की ठेकेदारी प्रथा के तहत हो रहे शोषण, बढ़ती बेरोजगारी, और स्थायी रोजगार की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सह संयोजक ठाकुर हीरा पाल सिंह ने कहा कि मजदूरों की समस्याएं हमारी अपनी समस्याएं हैं। जब तक उनके साथ न्याय नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। हम सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाएंगे और नीतिगत बदलाव की मांग करेंगे। इस अवसर पर श्रमिक नेता सतीश शर्मा, कश्मीर ठाकुर, नंदलाल, पाल वर्मा, विजय कुमार, धर्मपाल, जीतराम, शिवम, प्रिंस सहित दो दर्जन से अधिक मजदूरों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में श्रमिकों को सीधे कंपनी या सरकार से रोजगार देने की मांग की, ताकि बिचौलियों द्वारा होने वाले शोषण पर रोक लगाई जा सके। कार्यक्रम में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि मजदूरों को समय पर उचित वेतन, कार्य सुविधाएं और अन्य लाभ मिलने चाहिए। अंत में सभी श्रमिकों को मिष्ठान वितरण कर दिवस को सम्मान पूर्वक मनाया गया।