प्रदेश में आर्थिक संकट नहीं तो समय पर सरकार करे भुगतान
बैठक में 17 दिसंबर 2024 को अखिल भारतीय पेंशनर दिवस मनाने पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश बिलासपुर की जिला कार्यकारिणी की बैठक विश्वकर्मा मंदिर, डियारा में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री चेत राम वर्मा ने किया। बैठक में दिवंगत पेंशनरों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
वक्ताओं ने पेंशनरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की, जिनमें संशोधित वेतनमान का बकाया भुगतान, महंगाई भत्ते की किस्तों की अदायगी और 42 महीने का महंगाई भत्ते का भुगतान प्रमुख रहे। चर्चा में विशेष रूप से 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की वित्तीय समस्याओं पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को उनके लंबित लाभों के शीघ्र भुगतान पर ध्यान देना चाहिए।
जिला महामंत्री चेत राम वर्मा ने कहा कि सरकार अगर प्रदेश में आर्थिक संकट नहीं होने का दावा करती है, तो पेंशनरों के सभी बकाया लाभों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करे। उन्होंने हर माह की पहली तारीख को पेंशन वितरण को पूर्ववत लागू करने और पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त सलाहकार समिति के गठन की मांग की। बैठक में 17 दिसंबर 2024 को अखिल भारतीय पेंशनर दिवस मनाने और 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, फरवरी 2025 तक संगठन के आगामी तीन वर्षों के लिए चुनाव कराने का फैसला भी लिया गया।
बैठक में राज्य महामंत्री ठाकुर हुकम सिंह, मुख्य सलाहकार जगदीश कुमार नड्डा, संगठन मंत्री गोपाल दास शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।