स्पेशल ओलंपिक भारत और एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग के बीच साइन हुआ एमओयू। स्रोत: जागरूक
स्पेशल ओलंपिक भारत और भारत्थ गोल्फ प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुआ एमओयू
राष्ट्रीय गोल्फ चैंपियनशिप को मजबूत करने के साथ पेशेवर कोचिंग और मेंटरशिप का मिलेगा अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बौद्धिक एवं विकासात्मक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए गोल्फ में प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के अवसर बढ़ाने की दिशा में स्पेशल ओलंपिक भारत ने पहल की है। संगठन ने एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग से जुड़े भारत्थ गोल्फ प्राइवेट लिमिटेड के साथ तीन साल के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कुतुब गोल्फ कोर्स में हुए समझौते का उद्देश्य खिलाड़ियों को गोल्फ से जोड़ना, पेशेवर कोचिंग और मेंटरशिप के अवसर देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम में स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष डॉ. मलिका नड्डा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत स्पेशल ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय गोल्फ चैंपियनशिप को मजबूत किया जाएगा। समझौते के तहत गोल्फ ऑन व्हील्स पहल शुरू की जाएगी। पहले चरण में स्पेशल ओलंपिक भारत के नेटवर्क से जुड़े दस स्कूलों को शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों को उनके स्कूलों में ही गोल्फ से परिचित कराने और शुरुआती प्रशिक्षण देने का प्रयास होगा। कार्यक्रम में स्पेशल ओलंपिक भारत के गोल्फ खिलाड़ी रणवीर सिंह सैनी, कुशाग्र गौर और मोहित कुमार भी मौजूद रहे।