बिलासपुर शहर में खाटू श्याम जागरण संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार और मौजूद दर्शक। स्रोत: समिति
डियारा में सजा बाबा का भव्य दरबार, हर्ष गोयल और अंजली द्विवेदी ने भजनों से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डियारा के नगर परिषद प्रांगण में शनिवार रात बाबा खाटू श्याम की भक्ति में श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। मौका था श्री खाटू श्याम मंदिर सामुदायिक भवन निर्माण समिति की ओर से आयोजित चतुर्थ श्री श्याम वंदना महोत्सव का। बाबा श्याम के भव्य दरबार में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भजन संध्या शुरू होते ही पूरा परिसर बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से गूंज उठा।
महोत्सव के लिए बाबा श्याम का विशेष शृंगार किया गया था। फूलों से सजे दरबार, आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी ने आयोजन स्थल की भव्यता बढ़ा दी। इत्र की खुशबू के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालु भजनों पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध गायक हर्ष गोयल ने मेरा विश्वास बालाजी और खाटू वाले श्याम धणी समेत कई भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद गायिका अंजली द्विवेदी ने तेरे के पागल हैं, मेरे सांवरे की कोठी खाटू में और चोर साडा चोरी होगा खाटू के मंदिर सहित अनेक भजन सुनाए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे रहे। कार्यक्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिलोक जमवाल और हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल मौजूद रहे। नगर परिषद अध्यक्ष जमुना कुमारी, बिटिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा संखयान और घुमारवीं की कमरू सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी महोत्सव में शामिल हुए। समिति के प्रधान अमित सूरी ने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने में शहरवासियों, श्रद्धालुओं और व्यापारी वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले समिति सदस्यों, व्यापारियों और अन्य लोगों का आभार जताया। महोत्सव का सीधा प्रसारण श्री खाटू श्याम मित्र मंडल बिलासपुर के यूट्यूब चैनल पर भी किया गया।
बिलासपुर शहर में खाटू श्याम जागरण संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार और मौजूद दर्शक। स्रोत: समिति