घुमारवीं में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में मंच गठित, गांव-गांव जाकर उपभोक्ताओं को जागरूक करने की तैयारी
प्रभावित उपभोक्ताओं को एकजुट कर सरकार और विद्युत बोर्ड के समक्ष उठाएंगे मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में कपाहड़ा पंचायत से शुरू हुआ मामला अब प्रदेशस्तरीय आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। रविवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की बैठक में देवभूमि बिजली मीटर रक्षक दल का गठन किया गया। कमेटी ने प्रदेशभर में गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और स्मार्ट मीटर से प्रभावित उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाने की रणनीति बनाई।
कमेटी में कपाहड़ा पंचायत के प्रधान विनय शर्मा को अध्यक्ष, रेखा शर्मा को उपाध्यक्ष, देशराज शर्मा को सचिव और राजेश्वर सिंह को संयोजक बनाया गया। वहीं, कुलदीप, मूलराज, धर्मेंद्र, सुरम सिंह, सुषमा, अंजना और राजकुमार को सदस्य नियुक्त किया गया। बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध और बिजली कनेक्शन काटने के मामलों पर चर्चा कर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। कमेटी के अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में ऐसे उपभोक्ताओं की जानकारी जुटाई जाएगी, जिनके बिजली मीटर उनकी इच्छा के विरुद्ध बदले गए हैं या जिनके कनेक्शन काटे गए हैं। कमेटी के सदस्य गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया, बिजली बिलों से जुड़ी आशंकाओं तथा उपभोक्ताओं के अधिकारों के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डालने की तैयारी की जा रही है। इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाकर प्रभावित लोगों को एकजुट किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल कपाहड़ा पंचायत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेशभर के उपभोक्ताओं की आवाज उठाई जाएगी।
15 दिन से घर में बिजली नहीं होने का दावा
विनय शर्मा ने बताया कि एसडीएम की ओर से बिजली कनेक्शन बहाल करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद उनके घर में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। उनका परिवार पिछले 15 दिनों से बिजली के बिना रहने को मजबूर है। ऐसे में जनरेटर किराये पर लेकर घर का काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का ऑपरेशन हुआ है और मां भी बीमार हैं। ऐसे में बिजली नहीं होने से परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर अधीक्षण अभियंता विद्युत मंडल बिलासपुर से भी मुलाकात की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि विद्युत विभाग पुराने मीटर से बिजली आपूर्ति बहाल करने के बजाय स्मार्ट मीटर लगाने की शर्त पर अड़ा हुआ है। इससे पहले विनय शर्मा का बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घुमारवीं स्थित विद्युत बोर्ड कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था।