झंडूता(बिलासपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता के तहत अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया न होने पर झंडूता जागरूकता मंच के संयोजक एवं बैहना ब्रह्मणा वार्ड की जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता के प्रांगण के बाहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में बीएमओ, एमडी के रिक्त पद तथा एक्स.रे मशीन के संचालन के लिए शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता से धरना प्रदर्शन पुलिस थाना से होते हुए उपमंडलाधिकारी नागरिक झंडूता के कार्यालय तक किया गया। उन्होंने नायब तहसीलदार बालक राम शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में पिछले 5 सालों से बीएमओ का रिक्त पद भरने, झंडूता में एमडी गाईनालोजिस्ट, सिविल अस्पताल बरठीं में एमएस का पद भरने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में एक्स. रे मशीन का शीघ्र संचालन करने हेतु ज्ञापन सौंपा। प्रोमिला बसु ने कहा कि अगर इन पदों को न भरा गया तो एक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रोमिला वसु ने कहा कि इन मांगों को लेकर जिला परिषद और रोगी कल्याण समिति की बैठकों में भी उठाया गया, लेकिन कोई भी समस्या हल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि झंडूता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपमंडल का केंद्रीय चिकित्सालय होने के कारण यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉक्टर सहित अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा, दंत चिकित्सक का सहायक पद भरने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के लिए लोगों ने स्थानीय विधायक से भी बार बार उठाया। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
इस दौरान रणवीर ठाकुर, विजय कौशल, नीरज वसु, लखनपाल शर्मा, धीरज वसु, निरंजना नड्डा, कुलदीप सिंह, अजय शर्मा, सुभाष ठाकुर, सीता राम, कृष्णु राम, हरीश, शक्ति चंद, राकेश कुमार, बख्शी राम, रंजनाअंजू बाला, सपना, बिमला, लता, प्रोमिला सहित करीब तीन दर्जन लोगों ने भाग लिया।