प्रदेश सरकार की अधिसूचना में पिछली किस्तों का नहीं कोई जिक्र : इंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पेंशनर महासंघ ने 14 अक्तूबर को जारी की गई महंगाई भत्ते की अधिसूचना पर असंतोष जताया है। महासंघ ने इसे अजीब स्थिति बताया और कहा कि अधिसूचना में महंगाई भत्ते की दर तीन प्रतिशत बताई गई है, जबकि पिछले चार प्रतिशत की दो किस्तों का कोई उल्लेख नहीं किया गया।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्र ठाकुर ने कहा कि इससे पेंशनरों और कर्मचारियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से आग्रह किया है कि अधिसूचना को वापस लेकर महंगाई भत्ते की राशि केंद्र सरकार के घोषित समय और मंशा के अनुसार निर्धारित की जाए। चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय पर कार्रवाई नहीं की तो पेंशनरों और कर्मचारियों में आंदोलन की संभावना बढ़ सकती है। ठाकुर ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत लगभग 48,000 पेंशनरों के छठे वेतनमान से जुड़ी बकाया छुट्टियां, ग्रेच्युटी और महंगाई भत्तों का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए, क्योंकि यह पेंशन का अविभाज्य हिस्सा है।