एसडीएम अर्शिया शर्मा ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
42 पंचायतों में प्लास्टिक कचरे को डोर-टू-डोर एकत्रित करने की है योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विकास खंड झंडूता में वीरवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर-टू-डोर सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अर्शिया शर्मा ने कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में विकास खंड अधिकारी संजीव पुरी, खंड समन्वयक रमेश कुमार और क्षेत्र की कई पंचायतों के प्रधान एवं उप प्रधान मौजूद रहे। यह अभियान बिलासपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की सुविधा शुरू करने वाला पहला प्रयास है। हरी झंडी मिलने के बाद कचरा संग्रहण वाहन झंडूता के विभिन्न बाजारों में घूमा। स्थानीय दुकानदारों और ढाबा संचालकों ने प्लास्टिक बोतल, रैपर सहित सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा वाहन में डाला। इसके बाद वाहन गांवों की ओर रवाना हुआ, जहां घर-घर से प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, ताकि गांव शहरों की तरह साफ-सुथरे और पर्यावरण अनुकूल बन सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मुहिम में सक्रिय सहयोग दें। वहीं, बीडीओ संजीव पुरी ने बताया कि विकास खंड झंडूता की सभी 42 पंचायतों में प्लास्टिक कचरे को डोर-टू-डोर एकत्रित करने की योजना लागू की जाएगी। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ग्राम पंचायत सुन्हाणी में स्थापित प्लास्टिक मैनेजमेंट यूनिट में ले जाया जाएगा, जहां इसे प्रोसेस करने के बाद सीमेंट कंपनी को भेजा जाएगा। सभी ग्राम पंचायत प्रधानों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग दें। यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण कदम है।