स्थानीय व्यापारियों ने सहायक अभियंता को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में विद्युत विभाग कार्यालय में कुछ स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने प्रदर्शन किया। सीटू जिला अध्यक्ष लखनपाल शर्मा की अध्यक्षता में स्थानीय लोगों ने विद्युत कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा।
लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे रोकने की मांग की। लखनपाल शर्मा ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन से कम से कम 15-18 मीटर लोगों की गैरमौजूदगी में विद्युत बोर्ड ने बदल कर दिए पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए। साथ ही लोगों के घरों में नोटिस लगाए जा रहे हैं कि अगर स्मार्ट मीटर नहीं लगाए तो बिजली कट कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लगाए जा रहे नोटिस गैर-कानूनी है और किसी भी हालत में ये हमारे मीटर पुराने नहीं काट सकते हैं। अगर ये उनको काटना चाहते हैं तो सिर्फ एक सूरत में काट सकते हैं कि वो खराब हैं, या काम नहीं कर रहे हैं, या हम उनका बिल नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो नोटिस लगाए हैं, उनको 24 घंटे के अंदर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह सैकड़ों लोगों के साथ विद्युत बोर्ड कार्यालय का घेराव करेंगे। इस मौके पर विजय, पूर्व बीडीसी सदस्य झंडूता अनिल धीमान, सुभाष वर्मा और जीतराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।