बिलासपुर के पनवड़िया गांव में कंबाइन चालक सुनील की मौत के बाद विलाप करते परिजन। फोटो संवाद न्यूज
- फोटो : BILASPUR
खजुरिया/बिलासपुर। जौनपुर जिले में कंबाइन चलाने गए खजुरिया क्षेत्र के चालक का शव पीपल के पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने कंबाइन स्वामी पर मजदूरी के एक लाख रुपये न देने पर हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को घर लाकर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है। परिजनों का कहना है कि चालक का फोन और बीस हजार रुपये भी गायब थे और वह जौनपुर जाकर हत्या की रिपोर्ट लिखाएंगे।
खजुरिया थाना क्षेत्र के गांव पनवड़िया निवासी ढाकन लाल सागर के मुताबिक, उसके तीसरे नंबर का पुत्र सुनील कुमार सागर 25 वर्ष कंबाइन मशीन का चालक था। वह 15 दिन पूर्व जौनपुर जिले के थाना सरपता के गांव कंबर निवासी एक व्यक्ति के घर मजदूरी पर कंबाइन मशीन चलाने गया था। 15 जून की रात को सुनील का शव कंबर गांव के बाहर जंगल में एक पीपल के पेड़ पर अंगोछे के सहारे लटका हुआ मिला था। मामले की सूचना पर कंबर गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। ग्रामीणों की सूचना पर सरपता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। पुलिस ने ही मामले की सूचना मृतक के परिजनों को रात में ही तो पूरे घर में कोहराम मच गया। 16 जून को परिजन जौनपुर के जिला अस्पताल पहुंच गए और पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की सुबह शव को लेकर अपने गांव पनवड़िया लौटे। परिजनों ने मृतक का अपराह्न में अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी, मगर उसके कोई संतान नहीं है। परिजनों का आरोप है कि सुनील अपने घर से बीस हजार रुपये व एक फोन लेकर गया था। मगर, जब उसका शव मिला था तो पुलिस ने उसके पास से कुछ भी बरामद न करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कंबाइन स्वामी पर सुनील की मजदूरी के करीब एक लाख रुपये भी थे। उन्होंने संभावना जाहिर की है कि कहीं कंबाइन स्वामी ने एक लाख की खातिर तो हत्या नहीं कर दी। उन्होंने कंबाइन स्वामी पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह जौनपुर जाकर हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।