भराड़ी की ध्रुग खड्ड में फेंका कूड़ा और मवेशी का शव। संवाद
-सीर खड्ड में मिलती है ध्रुग खड्ड, चल रहीं दर्जनों पेयजल योजनाएं
-लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी, बीमारी फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत बम्म कस्बे के नजदीक ध्रुग खड्ड में खुले तौर पर कूड़ा फेंके जाने के बाद अब मवेशियों के शव भी फेंके जाने लगे हैं। अनजान लोगों द्वारा खड्ड किनारे खुले तौर पर मृत मवेशी फेंके जाने से यहां की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। ऐसे में इस क्षेत्र में बड़ी बीमारी फैलने का खतरा बन चुका है।
ध्रुग खड्ड का पानी साथ लगती सीर खड्ड में मिलता है। इस सीर खड्ड से दर्जनों पेयजल योजनाएं चल रही हैं। लोगों के घरों में यह पेयजल पहुंचता है। ऐसे में जल जनित रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। हाल ही में खुले में कूड़ा फेंकने संबंधी मामले को प्रकाशित कर इस समस्या के बारे में अवगत करवाया था। लेकिन सड़क किनारे खड्ड में कूड़ा फेंकने का सिलसिला तो बंद नहीं हुआ, उल्टा मृत मवेशी भी यहां फेंकने का काम शुरू हो गया। ऐसे में बेहतर व्यवस्था के दावे खोखले साबित हुए। खुले तौर पर कूड़ा व अन्य गंदगी से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। यह गंदगी सीधे तौर पर खड्ड में मिल रही है। आने-जाने वाले लोगों को नाक पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों की समस्या से स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत करवाया। जिसके बाद पंचायत की ओर से कड़े कदम उठाने और कूड़ा फेंकने वालों को जुर्माना करने की बात कही गई। मृत मवेशियों के कारण आम नजदीकी घरों में रहने वाले लोगों को बदबू के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है।
उधर, स्थानीय पंचायत प्रधान मनीष कुमार ने कहा कि पंचायत की तरफ लोगों को कूड़ा न फेंकने संबंधी सूचना दे दी गई है। वहीं मृत मवेशी को यहां फेंका गया था उसको दबाया जा रहा है। साथ ही किसने यह मवेशी फेंका था, इसका पता लगाया जा रहा है।