-अभी तक जिले के 669 विद्यार्थियों ने किया आवेदन
-बेहतरीन आइडिया देने वाले मॉडल के चयनित होने पर मिलेगी 10 हजार रुपये की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में आवेदन करने की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। योजना के तहत जिले के 162 स्कूलों के 699 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
योजना का लाभ छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थी उठा सकते हैं। सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के पांच-पांच विद्यार्थी इसके लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। इसमें विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान विषय पर मॉडल तैयार किए जाते हैं। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थी अपनी नई सोच को आगे रख सकते हैं। नया और बेहतरीन विचार देने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अपने विचार को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि विद्यार्थियों के खाते में डाली जाएगी। जिला स्तर पर एक बेहतरीन मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नए विचार वाले मॉडल का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को सरकारी खर्चे पर जापान जाने का मौका मिलेगा। पिछले साल जिले से 74 मॉडल चयनित हुए थे, जिसमें से 8 मॉडल राजस्थान की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए थे। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनशीलता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
इंसेट
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में आवेदन करने की तिथि को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। सरकारी और प्राइवेट स्कूल के पांच-पांच विद्यार्थी इसके लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। सभी विद्यार्थी जल्द से जल्द पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें।
-बीडी शर्मा, जिला शिक्षा उपनिदेशक