श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा शहर
दीप यज्ञ के साथ लखनपुर में हुआ कलश यात्रा का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में ज्योति कलश रथ यात्रा तीसरे दिन बिलासपुर जिले में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आगे बढ़ी। यात्रा का धौलरा मंदिर में दुर्गा समिति की ओर से श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज से आए कलश की परिक्रमा भी की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं को इस यात्रा का आध्यात्मिक महत्व बताया गया।
इसके बाद यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची, जहां मंदिर प्रबंधन समिति ने भव्य स्वागत किया। यहां से रथ पूर्णम माल पहुंचा, जहां अजय हांडा और श्रद्धालुओं ने कलश पूजन और अखंड ज्योति के दर्शन किए। रथ यात्रा इसके बाद दुर्गा मंदिर और सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय पहुंची। यहां छात्रों और श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन कर गायत्री माता के जयकारे लगाए।
आज की यात्रा का अंतिम पड़ाव चांदपुर रहा। चांदपुर पुल से हनुमान मंदिर तक रथ यात्रा ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा के रूप में संपन्न हुई। क्षेत्र की महिलाओं ने भजन गाए और गायत्री माता के जयकारे लगाए। दिनभर की यात्रा का समापन लखनपुर क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर में दीप यज्ञ के साथ हुआ। इस अवसर पर शांतिकुंज से आए विद्वानों ने श्रद्धालुओं को परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य का संदेश सुनाया। उन्होंने सभी से जीवन में अनुशासन, अच्छे संस्कार और गायत्री साधना अपनाने का संकल्प दिलाया। बताया कि इस रथ यात्रा में स्थापित ज्योति कलश में 24 तीर्थों का जल एवं रज है, जो वर्षों से संरक्षित है। वहीं जो अखंड ज्योति इस रथ के साथ चल रही है, वह पिछले 100 वर्षों से शांतिकुंज हरिद्वार में जल रही है, जिसके समक्ष करोड़ों गायत्री मंत्रों का जाप किया जा चुका है। यह यात्रा समाज को उस ऊर्जा का लाभ देने के उद्देश्य से पूरे देश में निकाली जा रही है।