संत गुरु रविदासकी 650वीं जयंती पर निकली यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का बुधवार को नम्होल में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने पावन कलश को अपने कंधों पर उठाकर नौणी तक शोभायात्रा में भाग लिया।
यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गुरु रविदास को श्रद्धांजलि अर्पित की और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा। कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवन और वाणी से समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता का संदेश दिया। गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सेवा और भाईचारे का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत परंपरा से प्रेरणा लेकर देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। संतों और महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे नई पीढ़ी अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ सके।
चंदेल ने युवाओं से गुरु रविदास के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता, सद्भाव, सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, जिला परिषद अध्यक्ष लेखराम ठाकुर, भाजपा जिला महासचिव प्यारे लाल चौधरी, नवीन शर्मा, मंडल अध्यक्ष नंद लाल ठाकुर आदि उपस्थित रहे।