श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शारदीय नवरात्रों में नवमी पर श्री नयना देवी जी शक्तिपीठ में शाम 6 बजे तक 7700 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। वहीं दुर्गा अष्टमी पर रात 12 बजे तक 9429 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। अष्टमी पर 11,20,745 लाख रुपये नकदी, 39.100 ग्राम सोना, 1.610 ग्राम चांदी, 50 कनेडियन डॉलर , 20 ऑस्ट्रेलिया डॉलर और 260 यूरो चढ़ावे में चढ़े।
विश्वविख्यात श्री नयनादेवी शक्तिपीठ में अष्टमी और नवमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दो दिन में 16 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मां के दर पर पहुंचे और उन्होंने अपनी मन्नतें पूरी कीं। मंदिर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था और कोविड नियमों का पालन करवाने के लिए कड़ी मशक्कत की गई। नवमी को सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचने शुरू हो गए थे। स्वास्थ्य, पुलिस और गृह रक्षक विभाग के कर्मी ड्यूटी पर डटे रहे। मंदिर में प्रवेश करने वाले हर श्रद्धालु की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मास्क पहनकर श्रद्धालु दर्शनों के लिए मंदिर परिसर में आए। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करवाया गया।
मंदिर अधिकारी हुस्न चंद ने बताया कि कोरोना काल में शारदीय नवरात्रों के दौरान शक्तिपीठ में सारी व्यवस्थाओं का प्रबंधन करना आसान नहीं था। लेकिन टीम वर्क और माता नयना के आशीर्वाद से नवरात्रों में प्रशासन ने हर बात का ख्याल रखा। सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करवाया गया। मां नयना देवी का ही आशीर्वाद है कि कोई परेशानी सामने नहीं आई।