शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में दो दिन में 50 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। बाबा जी के दरबार में मन्नतें मांगी। मंदिर न्यास ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। मंदिर परिसर में बैरिकेड लगाकर प्रवेशद्वार और निकासीद्वार बनाए गए हैं। छह फीट की दूरी पर गोले लगाए गए हैं। प्रवेशद्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद श्रद्धालुओं के हाथ सैनिटाइज करवाए जा रहे हैं।
दुकानदारों देशराज शर्मा, राजेश पटियाल, केशव दत्त शर्मा, सरवण कुमार, रमन कुमार, वेदप्रकाश का कहना है कि मंदिरों के कपाट खुलने से पांच महीनों से बंद पड़े कारोबार के धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है। मंदिरों में रोट प्रसाद न चढ़ाने से दुकानदारों पर असर पड़ेगा। मंदिर प्रभारी सुखदेव ने बताया कि मंदिर परिसर में सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग का प्रबंध किया गया है। सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए गोले लगाए गए हैं। झंडूता के एसडीएम एवं मंदिर न्यास के अध्यक्ष विकास शर्मा ने भी मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर न्यास की ओर से किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। हिदायत दी कि सरकार के नियमों का पालन करने में कोई कोताही न बरती जाए।