रामपुर/स्वार/टांडा। रविवार को पूरे दिन हुई बारिश से सब्जी व सरसों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में जलभराव होने के कारण फसलों के सड़ने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में किसान मायूस हैं। हालांकि, किसान बारिशरुकने के बाद अपने खेतों की तरफ गए, जहां उन्होंने पानी निकालने का प्रयास किया, ताकि फसलों में नुकसान को कम किया जा सके।
दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार के बाद रात और फिर रविवार को भी बारिश हुई। बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। दोपहर के समय तो बारिश तेज हो गई। पूरे दिन में 1.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे किसानों के खेतों में पानी भर गया। इससे सरसों, मटर, गोभी, धनिया, प्याज, पालक, गाजर आदि फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। खेतों में बारिश का पानी भरने की वजह से किसानों को फसलों के सड़ने का डर सता रहा है। लिहाजा, किसान अपने खेतों से पानी निकालने के लिए खेतों तक पहुंच गए। लेकिन, लगातार बारिश होती रही। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल ने बताया कि जिले में बारिश हुई है। इससे सिर्फ सब्जियों की उन फसलों को नुकसान होगा, जहां पानी भर सकेगा। स्वार में बारिश से निचले खेतों में खड़ी फसलें अधिक प्रभावित हुई हैं। लहसुन और मिर्च की फसलों पर बारिश का बुरा असर पड़ा है। हवा चलने से लाही की फसलें गिर गई हैं। कई किसानों ने बूंदाबांदी के बावजूद खेतों में पहुंच बालियों को संवारने का प्रयास किया। इसके अलावा बहुत से किसानों ने अपने खेतों से पानी भी बाहर निकालने का काम किया।
टांडा में शनिवार की दोपहर से तेज हवा के साथ रुक-रुककर हुई बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। खेतों में बारिश का पानी भर गया। वहीं, लगातार बारिश के चलते आलू, मटर, गोभी, सरसों आदि को भी भारी नुकसान हुआ है।