बरमाणा क्षेत्र के गांधी रोपा गांव में एक युवक ने मंगलवार देर रात फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि घर आने पर युवक की पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने घर के एक कमरे में खुद को बंद करके फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि परिवार के सदस्यों ने युवक को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने की कोशिश की मगर यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरमाणा के तहत आने वाले बैरी क्षेत्र के गांधी रोपा गांव के सुशील कुमार पुत्र स्व. प्रकाश चंद शादीशुदा था और उसकी दस साल की एक बेटी भी है। बताया जा रहा है कि सुशील देर रात घर पहुंचा।
इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी और बेटी से मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद सुशील कुमार ने घर की ऊपरी मंजिल में खुद को कमरे में बंद कर दिया। उसकी पत्नी ने कमरे को खुलवाने का काफी प्रयास किया मगर सुशील कुमार ने दरवाजा नहीं खोला।
काफी देर प्रयास करने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तब घर वालों ने दराटी से खिड़की की जाली काटी और कमरे में प्रवेश किया। मगर कमरे की लाइट जलाने पर पता चला कि सुशील ने खुद को फंदे में लटका लिया है। उन्होंने फौरन रस्सी को काटकर सुशील को नीचे उतारा।
उस समय सुशील की सांस चल रही थी। इसके बाद 108 एंबुलेंस में सुशील को जिला अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बुधवार को सुशील कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस संबंध में बरमाणा थाना के एएसआई लाल सिंह का कहना है कि सुशील कुमार का पोस्टमार्टम कर शव को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है। डीएसपी बिलासपुर सोमदत्त ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।