विकास खंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत फटोह ने शादियों में शराब के सेवन पर पाबंदी लगा दी है। इसके साथ ही निर्णय लिया गया है कि पंचायत में कोई भी शराब का ठेका नहीं खोला जाएगा। पंचायत ने साफ शब्दों में ग्रामीणों को कहा है कि अगर कोई भी कोताही बरतते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही शादी समारोह में भी शराब के सेवन पर जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया है। पंचायत की आम सभा में बुधवार को आम सहमति से यह फैसला लिया। इसके साथ ही बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले में भी लिए गए हैं। इसके तहत पंचायत के बुजुर्गों को घर-द्वार पर हर सुविधा मुहैया करवाने की बात कही गई है।
फटोह में बुधवार को आम जनसभा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत फटोह प्रधान कुलजीत ठाकुर ने बताया की आम सभा में जनता के हित में कई अहम फैसले लिए गए है। इसमें लोगों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। सभा में यह निर्णय लिया गया कि पंचायत में कोई भी शराब का ठेका नहीं खोला जाएगा।
अगर कोई पंचायत में गैरकानूनी तरीके से शराब बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शादियों में शराबबंदी लागू करने का फैसला भी लिया गया है। अब किसी भी शादी में शराब का सेवन नहीं किया जाएगा। कोई शराब का सेवन करता है और इससे वहां का माहौल बिगड़ता है, तो पंचायत उस परिवार पर जुर्माना लगाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह निर्णय भी लिया गया की शादी समारोह में दस बजे के बाद कोई भी लाउड स्पीकर का इस्तेमाल नहीं होगा। इसके अलावा सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि जो दंपति बूढ़े हैं, और दवाई दुकान से लाने में असमर्थ है, तो ऐसे बुजुर्गों की सूची बनाकर उनके घर पर दवाई मुहैया करवाई जाएगी। इसके अलावा उनके पानी, बिजली और पंचायत से संबंधित कार्य भी पंचायत सदस्य ही करेंगे।