बिलासपुर जिला की तलाई पुलिस ने बुधवार शाम को तलाई चौक पर बड़सर से आ रही एक पीबी नंबर कार में बैठे दो युवकों से 44 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों युवक लुधियाना के रहने वाले हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक यह चरस कहां से लेकर आए थे। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को पुलिस थाना प्रभारी कर्म सिंह ठाकुर की अगुवाई में पुलिस की टीम ने तलाई चौक नाका लगा रखा था।
इस दौरान बड़सर की तरफ से आ रही एक पीबी नंबर को रुटीन चेकिंग के लिए रोका गया। जब पुलिस गाड़ी में बैठे युवकों से सवाल-जवाब करने लगी तो वह घबरा गए।
इससे पुलिस को उन पर शक हुआ। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली गई तो गेयर बॉक्स में खाली जगह पर एक प्लास्टिक का लिफाफा मिला। इसे खोलकर देखा गया तो उसमें करीब 44 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान परम जीत सिंह (33) निवासी कुलदीप नगर गली नंबर 2164, मकान नंबर 4/1 लुधियाना और कुलदीप सिंह निवासी बस्ती जोहदेवाला लुधियाना के रूप में हुई है।
दोनों युवकों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। घुुमारवी डीएसपी राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाके दौरान एक गाड़ी से तलाशी के दौरान चरस बरामद की गई है।
दोनों युवक पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। पुलिस केस दर्ज मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया गया है।