भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सौजन्य से नेरचौक फोरलेन कंपनी द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
एक सप्ताह तक चले कार्यक्रमों के तहत विभिन्न इलाकों में जागरूकता शिविर लगाकर चालकों को यातायात नियमों की जानकारी प्रदान की गई। वहीं, फोरलेन कार्य स्थलों पर कर्मचारियों एवं मजदूरों के लिए चिकित्सा जांच शिविरों का आयोजन भी किया गया।
शिविरों के माध्यम से चालकों को बताया गया कि वाहन चलाते वक्त यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। ओवर स्पीड जानलेवा हो सकती है। लिहाजा, वाहन की गति का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
शिविर के दौरान वाहन चालकों को पंपलेट बांटकर भी जागरूक किया गया। कंपनी की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत कीरतपुर, कैंची मोड़, स्वारघाट, नौणी चौक, बिलासपुर कॉलेज चौक, जडोल, और डैहर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कैची मोड़ स्थित टनल एक, टीहरा टनल-4 और जड़ोल टनल-5 में मेडिकल शिविरों का आयोजन किया गया।
इस अवसर फोरलेन सड़क कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर निशांत श्रीवास्तव, सुरजीत सिंह, सेक्शन हैड नरेश कुमार, राजीव रंजन सिन्हा, संजीव कुमार और एचआर हैड राहुल जैन उपस्थित थे। सुरक्षा अधिकारी जगदीप सिंह रंधावा और चंद्रकांत सिंह ने इस दौरान सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।