स्वारघाट पुलिस ने वीरवार सुबह नाके के दौरान तीन पंजाब के युवकों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान गाड़ी से 98 ग्राम चरस बरामद की है। तीनों युवक पंजाब के मॉडल टाउन लुधियाना के रहने वाले है।
पुलिस ने पकड़े गए युवकों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट में तीनों युवकों का मेडिकल करवाया गया और शाम के समय उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार स्वारघाट पुलिस टीम ने थाना प्रभारी राजेश पराशर की अगुवाई में वीरवार सुबह स्वारघाट के मुख्य चौक पर नाका लगाया था। इसमें पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल देव दत्त, भाग सिंह, महिला आरक्षी हेमलता, होम गार्ड के जवानों में बंता सिंह, जसवीर सिंह, जगदीश सिंह और राकेश कुमार शामिल थे। नाके के दौरान पुलिस टीम ने कीरतपुर की ओर जा रही पंजाब नंबर की कार को रोका। इससे युवक बुरी तरह से घबरा गया।
शक होेने पर जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो कार की सीट के नीचे से उन्होंने चरस बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों की पहचान पियुश (19), दीपेंद्र सिंह (23) और अमनदीप सिंह (20) निवासी मॉडल टाउन लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है।
युवक चरस कहां से लेकर आए थे इसकी छानबीन की जा रही है। डीएसपी श्री नयनादेवी बलदेव दत्त ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से चरस रखने के आरोप में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा है।