घुमारवीं शहर के गांधी मार्केट में डेल कंपनी के अधिकृत डीलर के शोरूम से सामान चुराने वालों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने चोरों की धर-पकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है। रविवार को पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और पूछताछ की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इसमें पुलिस सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है।
घुमारवीं में शुक्रवार रात चोरों ने सेंधमारी कर राहियां के नीरज के शोरूम से लगभग पांच लाख रुपये की कीमत के 12 लैपटॉप, तीन एलईडी और बड़ी संख्या में पेनड्राइव तथा मेमोरी कार्ड पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में एक गाड़ी और तीन लोग दिख रहे हैं, लेकिन तस्वीरें धुंधली होने के कारण उनको पहचानना मुश्किल हो गया है। लिहाजा, चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस को और पसीना बहाना पड़ सकता है।
रविवार को पुलिस ने डीएसपी अंजनी जस्वाल की अगुवाई में जांच जारी रखी। पुलिस ने राष्ट्रीय मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर निजी व्यवसाईयों द्वारा स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला। डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।