बिलासपुर जिला के दो अलग-अलग स्थानों में बिजली के ट्रांसफार्मर और टैंपो में आग लगने से तीन लाख से ज्यादा की संपत्ति जल कर राख हो गई है। हालांकि नुकसान ओर भी ज्यादा हो सकता था, लेकिन दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गर्मियों का मौसम शुरू होते ही जिला में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। पहले मामला शनिवार देर रात एक बजे का है। जब लखनुपर मंदिर के पास खड़े एक टैंपो में अचानक आग लग गई।
हालांकि मौके पर दमकल विभाग के कर्मी पहुंच गए थे, लेकिन तब तक टैंपो पूरी तरह से जल चुका था। आग बूझाने के बाद केवल दो टायर ही बच पाए हैं। टैंपो में आग लगने से करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।
जबकि दूसरे मामले में बिलासपुर कॉलेज के पास कोसरियां में बिजली के एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। मगर समय रहते स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दे दी। इसके बाद कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग लगने से ट्रांसफार्मर में लगा बिजली का मीटर जल गया।
इससे करीब 25 हजार का नुकसान बताया जा रहा है। अगर दमकल कर्मी समय रहते वहां पर नहीं पहुंचते तो ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल जाता। आग लगने से ट्रांसफार्मर के साथ वहां पर साथ में लगने वाला स्कूल और अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
अग्निशमन केंद्र के प्रभारी भूपेंद्र पाल डोगरा ने बताया कि बिलासपुर कॉलेज के पास कोसरियां में बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से 25 हजार का नुकसान हुआ है।
समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा हादसा ओर भी भयावह हो सकता था, इसके अलावा लखनपुर के पास भी देर रात एक बजे टैंपो में आग लगने से तीन लाख का नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक टैंपो जल चुका था।