शाहतलाई-झंडूता सड़क पर जोल गांव के समीप एक ट्रक के पलटने से दो महिलाओं सहित 6 लोग घायल हो गए। इसमें एक महिला की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर एचपी 69-0731 ऊना से रेत भर कर जोल गांव की ओर रहा था। ट्रक चालक ने शनिवार सुबह करीब 8.45 बजे बिहार के दरभंगा निवासी एक परिवार के चार सदस्यों को रेत उतारने के लिए ट्रक में बिठाया। इसके बाद विधायक रिखीराम कौंडल का पीएसओ अनिल कुमार भी लिफ्ट लेकर ट्रक में बैठ गया। अभी ट्रक चालक नरेश कुमार ने ट्रक को चलाया भी नहीं था कि ट्रक के पिछले टायरों के नीचे से डंगा बैठ गया। जब तक ट्रक में बैठे लोग कुछ समझ पाते ट्रक पलट कर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जा गिरा।
आसपास के स्थानीय लोगों ने ट्रक के पलटने की आवाज सुनी तो मदद के लिए ट्रक के पास पहुंचे और घायलों को ट्रक से निकाल कर तलाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शंकर सिंह, लक्ष्मी देवी, लक्की,बवीता और नरेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
जबकि अनिल कुमार की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बिलासपुर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी कर्म चंद सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ सामुदायिक केंद्र में पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही झंडूता के विधायक रिखीराम कौंडल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर घायलों का हालचाल जाना।
डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं सहित 6 लोग घायल हुए है।
ये लोग हुए घायल
ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से बिहार दरभंगा गांव की लक्ष्मी देवी 30 ,बवीता देवी 24, लक्की राम 34 और शंकर सिंह अनिल कुमार निवासी सदर बिलासपुर और ट्रक चालक नरेश कुमार निवासी चंदरेड़ी घराण घायल हुए हैं।