उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाली पंचायत कोठी के गांव कोठी में एक युवक की हत्या कर दी गई है। युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था, उसके सिर पर चोटों के निशान थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन युवकों को पूछताछ के लिए थाने तलब कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। युवक दो दिन पूर्व ही दुबई से लौट कर आया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद के वार्ड नंबर 4 हारकुकहार के 32 साल के युवक अजय ठाकुर का शव घर से करीब 3 किमी की दूरी पर कोठी पंचायत में रेन शल्टर के समीप से बरामद हुआ है।
ग्राम पंचायत कोठी प्रधान सुनीता धीमान ने बताया कि जब वह बुधवार सुबह सैर कर रही थीं तब उन्होंने युवक को वहां पड़े देखा। जब नजदीक गईं तो युवक वहां पड़ा था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
उस समय युवक के नाक से खून निकल रहा था जबकि सिर पर भी गंभीर चोटें लगी थी। मृतक अजय के पिता चंद्र कांत सहित उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ मंगलवार को घर से बाहर गया था।
देर रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने बेटे की तलाश शुरू की। जब छानबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि उनका बेटा स्वास्थ्य जांच के लिए बुधवार को पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाला था। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और इस मामले की उचित जांच की जाए।
घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रमेश ठाकुर ने बताया कि वारदात के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। मामले में तीन युवकों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
एसपी राहुल नाथ ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में तीन युवकों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है जबकि अन्यों की तलाश जारी है।