हटवाड़ पंचायत के कठलग गांव में आग लगने से 6 कमरों का स्लेटपोश मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। अग्रिकांड में सात लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। हादसे में नकदी के साथ घर में रखे सोने के जेवरात भी जल कर स्वाह हो गए है।
वहीं सूचना मिलते प्रशासन का दल मौके पर रवाना हो चुका है। आग उस समय लगी जब घर पर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। हटवाड पंचायत प्रधान प्रोमिला देवी ने बताया कि कठलग गांव के ओम प्रकाश के रिहायशी मकान में शाम के करीब 6 बजे अचानक आग लग गई।
आस पड़ोस के लोगों ने इकट्ठा होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी अधिक थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते सारा घर आग की चपेट में आकर स्वाह हो गया।
इस घटना में जहां सोने के जेवरात जल गए। वहीं 15 से 20 हजार की नकदी समेत फ्रिज, अलमारी, टीवी, बेड, अलमारी, बर्तन समेत खाने पीने के सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। प्रधान ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार का करीब 7 से आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि पानी की कमी के कारण भी आग पर काबू पाने में मुश्किल पेश आई। हालांकि फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन उससे पहले मकान पूरी तरह जल चुका था। भराड़ी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है।
छानबीन के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा। हटवाड़ पंचायत प्रधान प्रोमिला देवी ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाय।