पुलिस थाना भराड़ी के तहत महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने व दहेज उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि बीते कल ग्राम पंचायत डंगार के गांव दखयूत में एक महिला ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया गया। भराड़ी पुलिस ने मृतका के पति नरेश कुमार, ससुर अनंत राम, सास कमला देवी व देवर कुलदीप के खिलाफ भादंसं की धारा 306 व 498-ए के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने देर रात मामले के आरोपी नरेश कुमार, अनंत राम व कमला देवी को गिरफ्तार किया। जबकि आरोपी कुलदीप अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
उधर, डीएसपी घुमारवीं अंजनि जसवाल ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी प्रतिभा नेगी की अदालत ने पेश किया गया। अदालत ने तीनों आरोपियों को 30 मई तक के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।