गत दिनों स्वारघाट के समीप पंजपीरी में पुलिस द्वारा पकड़े गए भैंसों के ट्रक चालक और परिचालक से लूटपाट और मारपीट के मामले में स्वारघाट पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। गौर हो कि यह सभी आरोपी अदालत से जमानत लेने की फिराक में थे। लेकिन अदालत से जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद स्वारघाट पुलिस ने शुक्रवार को इन्हें धर दबोचा।
इन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 25 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चारों आरोपी जिला बिलासपुर के रहने वाले हैं।
ट्रक चालक राजेंद्र सिंह गांव छंजोली तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर ने पुलिस थाना स्वारघाट में बताया था कि 7 अप्रैल को भैंसों से भरा ट्रक न. एचपी-64-5635 को लेकर खन्ना मंडी को जा रहा था।
रात करीब 8 बजे पंजपीरी के पास एक कार तेज रफ्तार से आई और ट्रक के आगे आकर रुकी। इसमें से 3-4 व्यक्ति उतरे जो डंडों और अन्य तेजधार हथियारों से लैस थे। उन्होंने उससे और परिचालक के साथ अकारण मारपीट की और उनके मोबाइल फोन और दस हजार रुपये की राशि छीन ली।
बड़ी मुश्किल से दोनों जान बचाकर पुलिस थाना स्वारघाट पहुंचे। बुरी तरह डरे सहमे राजेंद्र सिंह और उसके परिचालक ने मारपीट की बात ना बताकर मात्र ट्रक में भैंसें भरी होने की बात की थी।
जिस पर पुलिस ने पशु अत्याचार अधिनियम की धारा 11 डी के तहत मामला दर्ज कर लिया था। डीएसपी श्री नयनादेवी बलदेव दत्त ने बताया कि चारों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 25 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।